गांव शेखपुरा स्थित मुगल शासन कालीन तालाब गंदगी से अटा हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। गांव शेखपुरा स्थित मुगल शासन कालीन तालाब गंदगी से अटा हुआ है। उसकी साफ सफाई के लिए ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों से आग्रह किया, लेकिन उसकी साफ सफाई नही की गई। इसे लेकर ग्रामीणों में अधिकारियों के प्रति रोष है।
गांव शेखपुरा में मुगल शासन काल में तालाब का निर्माण कराया गया था। तालाब का रकबा करीब 52 बीघा का है। तालाब की भव्यता देखते ही बनती है। तालाब में लाखोरी ईंट की 52 पक्की सीढि़यों का निर्माण कराया गया था। इसके अलावा आठ बुर्ज बने हैं। इस तालाब के निर्माण को देखकर हर कोई इसकी और आकर्षित होता है। तालाब के अंदर दो कुएं भी मौजूद हैं। ऐसा तालाब जनपद में कहीं अन्य स्थान पर नहीं है।
वर्तमान में यह तालाब अपनी ऐतिहासिक महत्व खोता जा रहा है। तालाब सिल्ट और कचरे से अटा हुआ है। अभी तक तालाब की सफाई नहीं कराई गई है। तालाब की भूमि पर भी कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा भी किया हुआ है। इसका मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। ग्राम प्रधान रविदत्त का कहना है कि उनके पास इतना बजट नहीं है, जिससे तालाब की सफाई करा सकें। उधर, ग्रामीणों का कहना है कि अगर इस तालाब का सुंदरीकरण कराया गया, तो इसकी भव्यता में और अधिक निखार आ जाएगा।