मुजफ्फरनगर। मौसम में लगातार बदलाव जारी है। बुधवार को आसमान में कभी बादल छाए रहे तो कभी धूप रही। कहीं बारिश तो कहीं बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने चार मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। चार दिन में अधिकतम तापमान 6.8 डिग्री लुढ़क गया।
सुबह से ही आसमान में बादल छाने शुरू हो गए थे। सुबह करीब आठ से नौ बजे के बीच कहीं तेज तो कहीं हल्की बरसात हुई। बारिश से आवागमन प्रभावित रहा। पुरकाजी के मुख्य बाजार व पंजाबी काॅलोनी, थाने वाली गली, मोहल्ला जाटान की गलियों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। बाजार में पानी भर जाने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया।
किसान गोल्डी राठी, प्रताप सिंह, नवीन राठी, जसवंत त्यागी, गुरनाम सिंह, मोहम्मद सुलेमान आदि का कहना है कि बारिश होना गन्ने, ज्वाहर और धान की फसलों के लिए लाभदायक है।
-
बदलते मौसम में रहे सावधान
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार का कहना है कि बदलते मौसम में सावधान रहें। मच्छरों से बचाव करें और पूरी बाजू के कपड़े पहनकर रखें। परेशानी होने पर डॉक्टर से संपर्क करें। घरों के आसपास पानी एकत्र न होने दें।
-
इनसेट
इस तरह लुढ़क गया पारा
तिथि तापमान
04 सितंबर 28.4 डिग्री
03 सितंबर 34.7 डिग्री
02 सितंबर 33.2 डिग्री
01 सितंबर 35.2 डिग्री
-
इनसेट
भगत सिंह रोड पर चरमराई बिजली आपूर्ति
मुजफ्फरनगर। शहर के भगत सिंह रोड पर जर्जर तार बदले गए। बिजली विभाग के कर्मचारी सुबह से ही लाइन बदलने पहुंच गए थे। देर शाम तक यहां तार बदले गए, जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शामली रोड की बिजली आपूर्ति बाधित रही। दुकानदारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
-