अलग-अलग हादसों में महिला सहित चार घायल
रतनपुरी। सठेड़ी और बड़सू के बीच आधे घंटे के अंतराल पर तीन अलग-अलग जगह सड़क हादसों में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया।
पहला हादसा बड़सू गांव में हुआ। जिसमें रायपुर नंगली निवासी जगत सिंह अपनी पत्नी लक्ष्मी और बेटे अंकुश के साथ खतौली की ओर से आ रहा था। बड़सू के निकट पीछे से आ रही दूसरी बाइक के साथ टक्कर हो गई। हादसे में जगत सिंह व उसकी पत्नी लक्ष्मी और बेटा अंकुश बाइक सहित गिर गए। पीछे से आए टाटा मैजिक की चपेट में आने से अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी घटना में रतनपुरी निवासी नरेश एवं उसका भाई दीपक पुत्रगण कान सिंह, कविता पत्नी दीपक और उसकी दो वर्षीय बेटी आराध्या के साथ खतौली स्टेशन से आ रहे थे। कार को नरेश चला रहा था। सठेड़ी और बड़सू के बीच तेज गति से दौड़ती हुई कार का पहिया सड़क पर हुए गहरे गड्ढों में गिर गया। जिस कारण स्टेरिंग घूमने से स्टेरिंग लॉक हो गया और कार सामने से आ रहे बाइक सवार से टकराती हुई सड़क किनारे खाई में खड़े पेड़ से जा टकराई। जिससे कार सवारों को चोट आई।
वहीं, बाइक सवार युवक आशीष पुत्र अमन सिंह निवासी दयालपुरम खतौली भी घायल हुआ। कार सवार दीपक ने तुरंत एंबुलेंस को फोन किया। खतौली निवासी एंबुलेंस चालक अमन जब एंबुलेंस लेकर घटनास्थल की तरफ आ रहा था, तभी उसकी एंबुलेंस और एक अन्य स्विफ्ट कार गड्ढों को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे पलट गई। जिसमें एंबुलेंस चालक अमन को मामूली चोट आई।