मोरना में मिठाई की दुकान पर लड्डू के सैम्पल लेते फूड निरीक्षक डा. विकास कुमार ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मंगलवार को लड्डू खाने से पांच छात्राओं की बिगड़ गई थी तबीयत
दुकानदार ने एक युवक के विरुद्ध लड्डू खरीदकर कुछ देर बाद वापस करने की तहरीर दी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना। बूंदी के लड्डू खाने से छात्राओं की हालत बिगड़ने के मामले में फूड निरीक्षक बुधवार को मोरना पहुंचे। उन्होंने पहुंचकर खाद्य पदार्थ लड्डू का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा है। उधर, दुकानदार ने एक युवक के विरुद्ध लड्डू खरीदकर कुछ देर बाद वापस करने की तहरीर दी है।
विकास खंड मोरना क्षेत्र के गांव बहुपुरा निवासी पांच छात्राओं ने मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद मोरना बस स्टैंड पर मिठाई की दुकान से लड्डू खरीदकर खाए थे। गांव पहुंचने पर छात्राओं को चक्कर आने के बाद उल्टियां होने लगी। आनन-फानन छात्राओं का मोरना के निजी अस्पताल में उपचार कराया। परिजनों ने आरोप लगाया था कि केमिकल युक्त मिठाई खाने से छात्राओं की हालत बिगड़ी है। बुधवार को फूड निरीक्षक डा. विकास कुमार मोरना पहुंचे और मिठाई की दुकान का निरीक्षण किया। बिक्री के लिए रखी मिठाइयों की जांच की। लड्डू का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला को भेजा। बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
उधर, दुकानदार कमलेश सैनी ने दी तहरीर में बताया कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे गांव बहुपुरा निवासी युवक आधा किलो लड्डू लेकर गया था। भुगतान भी ऑनलाइन किया था। कुछ देर बाद युवक दुकान पर आया और कहने लगा कि ये लड्डू रख लो। उनके गांव की युवती आएगी, वह लेकर उनके घर दे देगी। स्कूल की छुट्टी होने पर तीन छात्राएं दुकान पर आई और लड्डू लेकर चली गई। लड्डू खाते ही छात्राएं बीमार हो गई। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार सैनी ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।