खतौली में नेशनल हाईवे पर कार, खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। जिसमें सवार एक ही परिवार की दो महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को मेरठ अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
उत्तराखंड जिला हरिद्वार निवासी रमेश शर्मा अपनी पत्नी सुमन, भाई कुलदीप शर्मा, भाभी पिंकी व बेटे राहुल को कार में साथ लेकर मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे दिल्ली जा रहा था। नेशनल हाईवे पर बुढ़ाना अंडरपास पर एक ट्रक खराब हुआ खड़ा था।
अचानक कार में ब्रेक नहीं लगने की वजह से कार ट्रक में पीछे से घुस गई। जिससे कार सवार पांचों लोग घायल हो गए। कार पूरी तरह से आगे से क्षतिग्रस्त हो गई थी। राहगीरों ने घायलों को कार से बाहर निकाला। वहां से गुजर रहे दो कार सवारों ने घायलों को अपनी कार में डालकर नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
जहां पर चिकित्सकों ने गंभीर अवस्था में घायलों को मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दुर्घटना की थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।