- पुलिस की गोली लगने से दो घायल, बीस लाख रुपये बरामद किए गए
- छह दिन पहले मंडी में व्यापारी से बंधक बनाकर 28 लाख रुपये लूटे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस की नसीरपुर रोड पर रविवार दोपहर थार व बाइक सवार पांच बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। बाइक सवार दो बदमाश पैर में गोली लगने पर घायल होने पर पकड़ लिए, जबकि थार सवार तीन बदमाशों को बाद में पकड़ा गया। उनसे बीस लाख दस हजार नगद, थार, अपाचे बाइक, एक चेन, एक लैपटाॅप, 43 एटीएम, आधार व पेन कार्ड व पिस्टल, दो तमंचे, दो चाकू व कारतूस बरामद हुए। इस गिरोह ने छह दिन पहले मंडी में व्यापारी से मारपीट व बंधक बनाकर 28 लाख रुपये लूटे थे।
एसएसपी संजीव सुमन ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया कि 18 दिसंबर की रात में मंडी में चावल व्यापारी दिनेश मित्तल केे साथ मारपीट कर उन्हें कार में बंधक बनाकर ले जाकर लूटपाट की थी। तहरीर में लूट का जिक्र नहीं किया था। चार दिन बाद व्यापारियों के साथ पीड़ित से बातचीत की तो उन्होंने 28 लाख व अन्य सामान की लूट होना बताया। घटना के खुलासे के लिए जिला पुलिस की 15 टीम लगाई थीं। मेरठ एसओजी ने भी मदद की।
एक सूचना के आधार पर मंडी कोतवाली पुलिस ने रथेड़ी कट पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध थार व अपाचे बाइक सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया तो वह फायरिंग कर नसीरपुर रोड पर भागे। वहां मुठभेड़ हुई तो अपाचे बाइक सवार दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। उनके थार सवार तीन साथी भी अवैध हथियार व नगदी तथा व्यापारी से लूटे सामान के साथ पकड़ लिए गए। उन्होंने घटना स्वीकार कर बताया कि घटना में मौके पर उनके साथ रहा हस्तिनापुर निवासी रवि उर्फ गुड्डू टीपी नगर मेरठ के थाने के पुराने मामले में आत्मसमर्पण कर जेल चला गया। उन्होंने 28 लाख रुपये लूटे थे। बीस लाख दस हजार बरामद हुए हैं। बाकी की रकम रवि के पास है।
मनीष, रवि, गोविंदा ने रैकी की थी
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार मनीष, रवि, गोविंदा ने रैकी की थी और बाद में घटना की गई। गोविंदा दो साल पहले कूकड़ा मंडी में एक व्यापारी की गाड़ी का चालक था। उसे व्यापारियों के बारे में जानकारी थी। योजनाबद्ध तरीके से लूट की गई थी। आरोपियों का चालान कर दिया है। घायलों को उपचार दिलाया है। प्रेसवार्ता में एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत, सीओ मंडी रुपाली राव भी मौजूद रहीं।
ये हुए गिरफ्तार
- लवकुश, निवासी लिसाड़ी थाना लिसाड़ी गेट मेरठ। (घायल)
- अनिल, निवासी भूड़पुर थाना भावनपुर मेरठ। (घायल)
- मनीष, निवासी छोटी चामरोध थाना हस्तिनापुर मेरठ।
- गोविंदा, निवासी अहरोड़ा थाना जानसठ, मुजफ्फरनगर।
- नीशू्, निवासी बक्सर थाना गंगानगर मेरठ।