खतौली मीरापुर रोड पर केंटर में लगी आग।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खतौली (मुजफ्फरनगर)। बिजनौर से गन्ने लेकर साहिबाबाद जा रहे कैंटर में मीरापुर रोड़ पर गांव गंगधाड़ी के समीप अचानक आग लग गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन दल की टीम ने आग पर बमुश्किल काबू पाया। आग का कारण शार्टसर्किट बताया गया है।
चालक शिवकुमार बिजनौर से कैंटर में गन्ना लेकर शनिवार की रात साहिबाबाद (गाजियाबाद) की ओर जा रहा था। खतौली थाना क्षेत्र में मीरापुर रोड पर गांव गंगधाड़ी के निकट उसे कैंटर से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में कैंटर से आग की लपटे निकलने लगी। चालक तुरंत कैंटर से उतरा और इसकी सूचना अग्निशमन दल को दी। अग्निशमन दल के टीम इंचार्ज सोनू ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक कैंटर का आगे का हिस्सा पूरी तरह से जल चुका था। गाड़ी में सीएनजी किट लगी थी, लेकिन वह बिल्कुल सुरक्षित थी। स्थानीय पुलिस ने गाड़ी को सड़क से हटाकर साइड में खड़ा करा दिया था।