संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में एक कक्ष के भीतर शौचालय में स्कूलों की फाइल रखने के मामले में अमर उजाला की खबर का असर हुआ। शौचालय से फाइल व रिकॉर्ड को निकालकर दूसरे कक्ष में शिफ्ट किया गया। साथ ही शौचालय पर ताला लगाया गया।
डीआईओएस कार्यालय के वरिष्ठ सहायक प्रमोद शर्मा ने अपने कक्ष के अटैच शौचालय में सदर तहसील क्षेत्र के स्कूलों की फाइलें रखी हुई थी। जिसकी खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद वहां से फाइलों को हटा लिया गया।
प्रमोद शर्मा ने कहा कि जगह ना होने की वजह से फाइल यहां रखी थी। शनिवार सुबह को ही कार्यालय आते ही सभी फाइलें बाहर निकाल ली गई। साथ ही शौचालय में ताला भी लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह शौचालय कभी भी इस्तेमाल नहीं किया गया था। इसलिए ही फाइल रखी थी।
उनका कक्ष काफी छोटा है, जिस कारण से पुराना रिकॉर्ड रख पाने में दिक्कत होती है। अब उनके कक्ष के बगल का ही दूसरा कक्ष में यह फाइलें रखवाई जाएंगी। इस कक्ष के अटैच शौचालय को बंद करा दिया गया है। अब सभी फाइलें दूसरे कक्ष में रहेंगी।