भोपा। गांव रहमतपुर निवासी राहुल शर्मा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन दीपिका की शादी तीन वर्ष पहले छछरौली निवासी मोहित के साथ हुई थी। तभी से पति सहित ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करते चले आ रहे थे। दो वर्ष से दीपिका अपने मायके में रह रही थी। 18 दिसंबर को उसके पिता सुकेश शर्मा लगभग आधा दर्जन परिचितों के साथ बेटी की ससुराल में बातचीत करने छछरौली गए थे। आरोप है कि इसी दौरान दीपिका के पति मोहित, भाई अनुज, ससुर पवन व सास रुकमणि ने मामूली बात पर पिता सुकेश के साथ धक्का मुक्की और मारपीट की। धक्का-मुक्की में नीचे जमीन पर गिरने के कारण उनकी मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई को थाने पर प्रदर्शन किया था। प्रभारी निरीक्षक सुशील सैनी का कहना हैं कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी हैं।