बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि क्षेत्र के किसानों को गन्ने की समस्या के समाधान के लिए एक साल की फसल की कुर्बानी देनी होगी। भुगतान की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 18 सितंबर के बाद चीनी मिल के मुख्य द्वार पर वेल्डिंग कर दी जाएगी। चीनी मिल में किसी भी कर्मचारी को कार्य नहीं करने दिया जाएगा।
बजाज चीनी मिल भैसाना परिसर में किसानों की महापंचायत में टिकैत ने कहा कि गन्ने का भुगतान न होना बहुत गंभीर समस्या है। एक मजदूर भी मजदूरी करने के बाद अपनी मजदूरी तुरंत ले लेता है। किसानों को एक साल बाद भी उसके माल का पैसा नहीं मिलता। 18 सितंबर को लखनऊ में मीटिंग है। चीनी मिल के पास 18 सितंबर तक का गन्ने के भुगतान का समय है। 18 सितंबर तक गन्ने के भुगतान की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे वैल्डिंग मशीन लेकर आएंगे। चीनी मिल के गेट पर वेल्डिंग कर दी जाएगी। चीनी मिल में किसी भी कर्मचारी व अधिकारी को कार्य नहीं करने दिया जाएगा। चीनी मिल से केवल चीनी के ट्रक बाहर जा सकेंगे।
उन्होंने 18 सितंबर के बाद एक बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि गद्दारों की लिस्ट बनाई जा रही है। गद्दारों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी अफसर भाजपा के इशारे पर कार्य कर रहे हैं। अधिकारी बेलगाम हैं। भाजपा ने खाप पंचायतों को तोड़ने का कार्य किया है। रोजगार खत्म कर दिए हैं। जो निर्णय लिया जाएगा वह सबकी सहमति से लिया जाएगा।
20 करोड़ देने की घोषणा पर बिफरे किसान
बुढ़ाना।
महापंचायत के बीच चीनी मिल व प्रशासनिक अधिकारियों की भाकियू नेताओं के साथ घंटो वार्ता हुई। वार्ता बेनतीजा रही। वार्ता के दौरान चीनी मिल के उपाध्यक्ष जेबी तोमर ने 20 करोड़ रूपये देने की बात कहीं। चौ. राकेश टिकैत ने चीनी मिल के वीपी को मंच से यह घोषणा करने के लिए कहा। चीनी मिल के उपाध्यक्ष ने माइक से 20 करोड़ देने की घोषणा की महापंचायत में हंगामा हो गया। वीपी की घोषणा से किसान भड़क उठे। चौ. राकेश टिकैत ने किसानों को बामुश्किल समझाकर बैठाया। उन्होंने कहा कि 220 करोड़ का भुगतान बकाया है। 20 करोड़ के भुगतान को नाकाफी बताया। इस मौके पर जिला गन्ना अधिकारी संजय सिसौदिया, उप-जिलाधिकारी अरूण कुमार, गन्ना समिति के सचिव बीके राय, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक संजय सिंह व सीओ हिमांशु गौरव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
धरना रहेगा जारी
बुढ़ाना।
महापंचायत स्थल पर किसानों के गन्ने के बकाया भुगतान की समस्या का कोई हल नही निकल सका। चौ. राकेश टिकैत ने कहा कि करीब 3 माह से किसान धरने पर बैठे है। भुगतान की समस्या का कोई हल नही निकला। जब तक समस्या का समाधान नही होता किसानों का धरना जारी रहेगा।
-
भाकियू नेता रहे मौजूद
बुढ़ाना। भाकियू के धरने में प्रदेश सचिव ओमपाल मलिक, धीरज लाटियान, बतीसा खाप के चौ. शोकेन्द्र, देशवाल खाप के संजू, सहारनपुर के मंड़ल अध्यक्ष नवीन राठी, जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, राजकुमार, गुरमेल वाजवा, अमीर सिंह, कपिल, सतेन्द्र ठाकुर, अनुज बालियान, संजीव पंवार, विकास त्यागी, मोमीन, बिजेन्द्र, सुधीर सहरावत, सुबोध त्यागी, देवराज, मुजफ्फर अली, इसरार, सतेन्द्र चौहान, विकास चौधरी, कुलदीप त्यागी व मोनू आदि ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जौला के पूर्व प्रधान मुन्ना तथा संचालन विकास त्यागी ने किया।
- एस पी मलिक