संवाद न्यूज़ एजेंसी
मोरना। गांव ककराला में चीनी मिल मोरना के विस्तारीकरण के लिए पंचायत का आयोजन किया गया। किसान संगठनों ने हक की लड़ाई के लिए एकजुटता पर बल देते हुए सरकार के विरोध में हुंकार भरी।
भारतीय किसान यूनियन हिंद राष्ट्रीय अध्यक्ष साजिद अली ने कहा सरकार की गलत नीतियों के चलते देश का अन्नदाता बेबसी और लाचारी के चलते भुखमरी की कगार पर है। बिना बलिदान किए आज तक कोई संघर्ष सफल नहीं हुआ। सरकार से किसान मजदूर की सीधी टक्कर है। कानून व्यवस्था फेल होने के कारण एक वर्ग पर सीधा हमला किया जा रहा है। वेलफेयर सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमनाथ शर्मा ने कहा देश एक परिवार की तरह है।
भाकियू एकता राष्ट्रीय अध्यक्ष फरमान त्यागी, भाकियू क्रांति राष्ट्रीय अध्यक्ष आदेश सैनी, भाकियू संयुक्त मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह आलम, भाकियू इंडिया राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनेंद्र पहलवान, भाकियू लठेत राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय पुंडीर, भाकियू किसान राज राष्ट्रीय अध्यक्ष यतेंद्र शर्मा, भाकियू किसान सेवा राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीत पवार, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दयानंद निठारिया, प्रदेश महासचिव शुभम कौशिक, संगठन मंत्री डॉ. आलमगीर ने किसान संगठनों से एकजुट होकर किसान मजदूर हकों के लिए मौजूदा सरकार से सीधी लड़ाई लड़ने की बात कही। संचालन मेहरबान अली और अध्यक्षता मुस्तफा उर्फ मुन्ना ने की।