मोरना। पूर्ण गन्ना भुगतान, गोदाम में रखी चीनी के निस्तारण, मिल विस्तारीकरण और दो अक्तूबर को पेराई सत्र चालू करने आदि मांगों को लेकर भाकियू का मोरना चीनी मिल पर अनिश्चितकालीन धरना जारी है। बुधवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को दोहराते हुए नारेबाजी की। चौधरी उदयवीर सहरावत ने कहा कि किसानों का करोड़ों रुपया सरकार पर शेष हैै। भाकियू किसानों के बकाया पैसे की मांग कर रही है। सरकार अगर किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं देगी तो महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। ब्लॉक अध्यक्ष विकास चौधरी ने कहा कि गलत पॉलिसी के कारण मिल पॉलीथिन के गोदामों में तीन वर्षों से चीनी सड़ रही है। मगर, उसे बेचा नहीं जा रहा है। चीनी को बेचकर तुरंत गन्ना भुगतान किया जाएं। इस अवसर हवा सिंह, सतवीर बाबा, अनुज पहलवान आदि उपस्थित रहे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 20 माह से केंद्रों का किराया नहीं मिलने पर डीएम ऑफिस पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया। बताया शहरी में सभी आंगनबाड़ी केंद्र किराए के भवन में चल रहे हैं। शासन से पैसा जारी होने के बाद भी भवन स्वामियों को नहीं मिला है। 20 माह का पैसा रुका है। भवन स्वामी आंगनबाड़ी को जगह खाली करने को कह रहे हैं। विभाग के अधिकारी कहते हैं की सरवर डाउन की वजह से पैसा नहीं जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में अलका चौधरी, बबली रानी, शबनम, अनीता, उपासना, बबीता, ममता रानी, ममतेश, असमा, संतोष, रिहाना, संगीता, सोनू आदि शामिल रहीं।