- एससीडीआई ने किसानों की दिक्कतों से उच्चाधिकारियों अवगत कराया
(फोटाे)
संवाद न्यूज एजेंसी
चरथावल। आगामी पेराई सत्र में बलवाखेड़ी के किसानों ने भुगतान समय से नहीं करने के कारण थानाभवन की बजाज मिल को गन्ना आपूर्ति करने से इंकार कर दिया। वहीं, कयामपुर के किसानों ने गांव में देवबंद मिल का दूसरा केंद्र आवंटित करने की मांग उठाई। भाकियू कार्यकर्ताओं ने चेताया कि यदि दोनों गांवों में देवबंद मिल के केंद्रों की व्यवस्था नहीं हुई तो डीएम दफ्तर पर गन्ना तुलवाएंगें।
मंगलवार को दो गांवों के भाकियू की पंचायत बलवाखेड़ी में हुई। युवा मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा पिछले पेराई सत्र में बजाज मिल का भुगतान जनवरी तक हो पाया है। धीमी गति से भुगतान के कारण किसान आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। साहूकारों से कर्जा लेकर जरूरतें पूरी करनी पड़ रही है। बलवाखेड़ी के किसानों ने बजाज मिल से हटाकर उनका केंद्र देवबंद मिल से संबद्ध करने की मांग की। कयामपुर में देवबंद का एक केंद्र संचालित है। लेकिन सट्टा अधिक होने के कारण एक दिन में किसानों का गन्ना आपूर्ति नहीं हो पाता है।
उन्होंने विभाग से देवबंद मिल के दो केंद्र चलवाने की मांग की। किसानों की मांग पूरी नहीं होने पर आगामी सत्र में गन्ने को जिलाधिकारी कार्यालय पर तुलवाने का काम किया जाएगा। डीसीओ संजय सिसौदिया ने रोहाना समिति के एससीडीआई विनोद कुमार को मौके पर भेजा। किसानों ने उन्हें मांग संबंधी ज्ञापन दिया। उन्होंने बताया बलवाखेड़ी की मांग को उच्चाधिकारियों को अवगत कराई जाएगी।
वहीं, कयामपुर देवबंद समिति से संबद्ध है। उसकी तमाम कार्रवाई उसी समिति से होगी। ठाकुर ओमवीर सिंह, सोनू सिंह, वीर सिंह, ऋषिपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, संजू, रामभूल सिंह, नेत्रपाल सिंह, कृष्ण पाल सिंह, नरेश पाल सिंह, ओमवीर सिंह, मनोज कुमार आदि किसान मौजूद रहे।