संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। जमीन का बकाया पांच करोड़ का मुआवजा न मिलने से परेशान किसान अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। सातवें दिन भी किसानों का धरना प्रदर्शन जारी रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी से किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है। एनएचएआई के अधिकारी ने किसानों के बीच पहुंचकर जल्दी ही वार्ता करने का आश्वासन दिया।
निर्माणाधीन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर करौदा महाजन गांव के पास किसान सात दिन से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। किसानों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है। किसानों ने निर्माण कार्य में लगे डंपर, जेसीबी व अन्य सामान को धरना स्थल के पास खड़ा करवाकर अपने कब्जे में लिया है। किसानों ने बताया कि बुधवार को एनएचएआई के अधिकारी राजन पांडेय उनके बीच आए थे।
उन्होंने किसानों को जल्द ही उनकी समस्या का समाधान करने का आश्वासन देते हुए धरना समाप्त करने का निवेदन किया। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी बकाया धनराशि नही मिलेगी, उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन नरेंद्र मलिक, जोगेंद्र सिंह, रविंद्र, जितेंद्र शर्मा, प्रदीप मलिक, बदन सिंह, सोनू मलिक, बलधारी सिंह आदि मौजूद रहे।