- खेड़ामुगल में कृषि कानूनों समेत अन्य समस्याओं को लेकर किसान चौपाल आयोजित
देवबंद। खेड़ामुगल में बुधवार को किसान चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें केंद्र सरकार द्वारा थोपे गए कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग की गई।
भाकियू नेता मास्टर रणबीर सिंह के आवास पर चौपाल में अमित गुर्जर ने कहा कि आज किसान और छोटा व्यापारी महंगाई की मार के साथ ही सरकार की तानाशाही भी झेल रहा है। किसानों के गन्ने का भुगतान समय पर नहीं हो रहा है। विद्युत विभाग किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज करा रहा है। बैंक कर्मचारी गरीब किसान मजदूरों का शोषण कर रहे हैं। भाकियू समेत विभिन्न किसान संगठन दिल्ली की सीमाओं पर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं, परंतु उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। डाकोवाली के ओमपाल प्रधान ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान और मजदूर परेशान हैं। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं। जिस कारण किसान, मजदूर ही नहीं आमजन त्रस्त है। इस मौके पर मास्टर चौधरी विरेंद्र सिंह, सुरेशपाल, साधुराम, राजकुमार, राज शर्मा, धनपाल प्रधान, अनुज, रविंद्र चौधरी, ईश्वर सिंह, इलियास ठेकेदार, समयदीन, सलीम प्रधान, इकबाल, यूसुफ व शाहनवाज मलिक आदि रहे ।