आंखों में जलन और सांस के रोगियों की बढ़ी धड़कन
- आकाश में स्मॉग में छिपा रहा सूरज दिखाई नहीं दिया
- सुबह की सैर पर जाने वाले लोगों को भी उठानी पड़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मौसम ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। स्मॉग के कारण लोग दिनभर परेशान रहे। आंखों में जलन का अहसास हुआ। सांस के रोगियों की मुश्किलें बढ़ गई है। सुबह की सैर पर निकले लोगों को मुश्किल उठानी पड़ी।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कई दिन से आकाश में अंधेरा सा छाया हुआ है। स्मॉग के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह के समय लोग घूमने के लिए निकले तो सांस लेने तक में परेशानी हुई। जिन लोगों को सांस की बीमारी है, उन्हें परेशानी हुई।
प्रदूषण फैलाने पर चार फैक्ट्ररी सील की
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और निकटवर्ती क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबन्धन आयोग द्वारा ग्रेडेड रेस्पोन्स एक्शन प्लान प्रभावी है। जनपद में वायु प्रदूषण नियंत्रण किये जाने के उद्देश्य से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने क्षेत्र भ्रमण एवं निरीक्षण करते हुए चार इकाईयों के प्रदूषण फैलाने पर सील कर दिया।
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि भ्रमण के दौरान सुजडू औद्योगिक क्षेत्र के आसपास शाहबाज, असलम, शाहनवाज एवं हसन निवासीगण सुजडू द्वारा संचालित स्लैग ग्राइंडिंग इकाईयों को निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि उक्त इकाईयों द्वारा स्लैग की ग्राइंडिंग की जा रही है। ग्राइंडिंग प्रक्रिया से जनित धूल उत्सर्जन के नियंत्रण की कोई व्यवस्था स्थापित नहीं है, जिस कारण उक्त चारों इकाईयों को प्रदूषण विभाग की टीम द्वारा सील कर दिया गया।