संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। बारिश और उमस भरी गर्मी के बीच नमी के कारण आई फ्लू का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। विद्यालयों में बच्चे भी चश्मा लगाकर पहुंच रहे हैं। चश्मा पहनकर ही बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, ताकि वह आंखों में फैलने वाले संक्रमण से बच सकें।
आई फ्लू संक्रमण को देखते हुए अब अभिभावक भी एहतियात बरत रहे हैं। स्कूलों में जाने वाले बच्चों को उनके माता-पिता चश्मा लगाकर भेज रहे हैं। वहीं, एहतियात के तौर पर अध्यापक-अध्यापिकाएं भी बच्चों को चश्मा लगाने की बात कह रहे हैं। हालांकि जो बच्चा आई फ्लू की चपेट में आ रहे है, उसे घर भी भेज दिया जाता है। शहर के अधिकांश स्कूलों में बच्चों को चश्मा लगाकर पढ़ाई करते हुए देखा जा रहा है। बीएसए शुभम शुक्ला ने कहा कि आई फ्लू के कारण बच्चों के अभिभावक उन्हें चश्मा पहनाकर स्कूल भेज रहे हैं।
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने कहा कि आई फ्लू से बचने के लिए चश्मा पहनना भी जरूरी है। यह एक संक्रमण है, जो एक दूसरे को छूने से भी फैल रहा है। क्योंकि दिन में कई बार व्यक्ति का हाथ उसकी आंखों पर जाता है, उसके बाद वह व्यक्ति दूसरे से हाथ मिलाता है और उसका इंफेक्शन उसे भी हो जाता है।