बिजलीघरों की क्षमता बढ़ाने को लेकर 250 करोड़ 27 लाख स्वीकृत
सभी खराब ट्रांसफार्मर बदलने के आदेश दिए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। विद्युत निगम ने गर्मी बढ़ने के साथ लड़खड़ाई विद्युत आपूर्ति को सुचारु रखने कवायद शुरू की है। अधीक्षण अभियंता एसके अग्रवाल ने बताया कि जिले के सभी खराब ट्रांसफार्मर बदलने के आदेश दिए गए हैं। बिजलीघरों की क्षमता बढ़ाने को लेकर 250 करोड़ 27 लाख स्वीकृत किए गए है।
अधीक्षण अभियंता एसके अग्रवाल ने निर्धारित शेड्यूल जारी करते हुए बताया कि जिला मुख्यालय को 24 घंटे बिजली मिल रही है, तहसील मुख्यालय को साढे इक्कीस घंटे बिजली दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे एवं कृषि पोषकों पर दस घंटे के सापेक्ष वर्तमान में क्रमश: 22:45 घंटे, 19:55 घंटे, 16:55 घंटे एवं 9:15 घंटे औसत विद्युत आपूर्ति की जा रही है। लाइन लॉस कम करने एवं जनपद की विद्युत व्यवस्था में सुधार लाने के लिए शहर एवं गांव के विद्युत चोरी बाहुल्य क्षेत्रों में लगभग 2160 किमी क्षतिग्रस्त एबी केबिल खुले तारों के स्थान पर नया एबी केबिल डालने का काम किया जाएगा।
भार संतुलन के लिए 130 किमी अतिरिक्त एबी केबिल डाला जाएगा। नए सर्किट का निर्माण होगा। बताया कि जनपद मुजफ्फरनगर के प्रत्येक 33/11 केवी उपकेन्द्रों पर विद्युत उपभोक्ताओं के विद्युत बिल, मीटर खराब अथवा अन्य शिकायतों के निस्तारण के प्रति माह शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1912 पर दर्ज करा सकते है।