-तीन डिग्री कॉलेजों के प्रबंधकों ने सेल्फ सेंटर बनाने के लिए शाकुंभरी विवि के कुलपति को सौंपा पत्र
कुलपति ने इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक से रिपोर्ट मांगी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के तीन डिग्री कॉलेजों के परीक्षा केंद्र गांवों से 40 किमी दूर तक लगाने पर छात्राओं एवं अभिभावकों में नाराजगी है। कॉलेज के प्रबधकों ने मां शाकंभरी विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र देकर छात्राओं की परीक्षा स्वकेंद्रों पर किए जाने की गुहार लगाई है। कुलपति ने इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक से रिपोर्ट मांगी है।
स्व वित्त पोषित चंद्रशेखर आजाद पीजी कॉलेज के प्रबंधक राकेश वशिष्ठ एवं महाराजा अग्रसेन कन्या महाविद्यालय के प्रतिनिधि अमित सिंघल ने शुक्रवार को सहारनपुर पहुंचकर विश्वविद्यालय के कुलपति से मुलाकात की। उन्होंने बताया मुजफ्फरनगर से थानाभवन तक की दूरी 40 किलोमीटर है। चरथावल विकास खंड क्षेत्र में इस मार्ग के करीब तीन डिग्री काॅलेज संचालित है। इनमें करीब 25 गांवों के छात्र एवं छात्राएं पढ़ते है।
इस बार परीक्षा केंद्रों की घोषणा में चंद्रशेखर आजाद पीजी कॉलेज का परीक्षा केंद्र स्वामी कल्याणदेव काॅलेज बघरा, महाराजा अग्रसेन का एसडी डिग्री कॉलेज मुजफ्फरनगर एवं सुबा सिंह डिग्री कॉलेज बिरालसी का सेंटर डीएवी काॅलेज मुजफ्फरनगर में निर्धारित कर दिया है। इन तीनों काॅलेजों में करीब 600 छात्राएं अध्ययनरत है। पिछले साल छात्राओं के दो काॅलेजों में सेल्फ सेंटर था। जबकि बिरालसी कॉलेज का चंद्रशेखर आजाद पीजी कॉलेज में सेंटर लगा था।
इस बार नई केंद्रों की घोषणा के बाद बघरा एवं मुजफ्फरनगर में परीक्षा देने जाने में परेशानी होगी। 40 किलोमीटर दूरी पर जाना पड़ेगा। इस मार्ग पर यातायात के संसाधनों का अभाव रहता है। इन विद्यालयों में करीब 300 छात्र है, जो बाइक आदि निजी साधनों से दूर लगाए गए केंद्रों पर परीक्षा देने जा सकते है। मगर, छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ेगी। कॉलेज प्रबंध कमेटी ने तीनों विद्यालयों में छात्राओं का सेल्फ सेंटर नियत कराने की मांग रखी। कुलपति ने भरोसा दिया परीक्षा केंद्रों से संबंधित 14 अगस्त में दोबारा कमेटी बैठेगी। साथ ही इस समस्या के संबंध में उन्होंने परीक्षा नियंत्रक से रिपोर्ट मांगी है।