गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र के बेरोजगार युवक से नौकरी लगवाने के नाम पर बुलंदशहर निवासी ने लाखों रुपये की ठगी कर ली। युवक के चाचा ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। राजनगर एक्सटेंशन स्थित रिवर हाइट सोसायटी निवासी नगेंद्र सिंह ने बताया कि उनके भतीजे निखिल कुमार की नौकरी लगवाने के लिए उसी के दोस्त आर्यन निवासी गांव बकोरा जनपद बुलंदशहर ने झांसा दिया। मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवाने के नाम पर आर्यन ने जुलाई में तीन लाख 20 हजार रुपये लिए। उन्हें बताया कि निखिल की पहले राजस्थान के दौसा में तीन महीने की ट्रेनिंग होगी उसके बाद 15 दिन की ट्रेनिंग आगरा में होगी। पीड़ित का आरोप है कि रुपये लेने के बाद नौकरी नहीं लगवाई। जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तब आरोपी ने रुपये देने से मना करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर नंदग्राम थाने में केस दर्ज किया गया है। नंदग्राम प्रभारी एसीपी दिनेश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।