शनिवार को जबरन गाड़ियां निकालने की कोशिश कर रहे थे कुछ लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहाना कलां। मुजफरनगर-सहारनपुर हाईवे स्थित रोहाना टोल प्लाजा पर शनिवार को जबरन गाड़ियां निकालने की कोशिश की गई। टोल कर्मियों के शुल्क मांगने पर गाड़ी सवार लोगों ने उनके साथ मारपीट की। मामले में पुलिस से शिकायत की गई हैं। मामला सीसीटीवी में कैद हुआ है।
शनिवार दोपहर देवबंद की ओर से मुजफ्फरनगर कई गाड़ियों से कुछ लोग रोहाना टोल प्लाजा पहुंचे। टोल टैक्स न देकर गाड़ियां निकालने की कोशिश की। टोल कर्मचारियों ने विरोध करते हुए टोल टैक्स का भुगतान करने को कहा। आरोप है कि सभी गाड़ी सवार लोगों ने टोल कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। यह मारपीट टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
टोल प्रबंधक विक्रम सिंह चौहान ने थाना कोतवाली में कई गाड़ियों के नंबर देते हुए उनमें सवार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।