राशन की दुकानों पर जमा होंगे बिजली के बिल
मुजफ्फरनगर। राशन की दुकानों पर अब बिजली के बिल जमा हो सकेंगे। इसके लिए राशन विक्रेताओं को जिला पंचायत सभागार में प्रशिक्षण दिया गया।
सार्वजनिक वितरण की दुकानों पर राशन का वितरण अब ई-पॉस मशीनों के माध्यम से हो रहा है। प्रदेश सरकार ने ई-पॉस मशीन के माध्यम से बिजली के बिल जमा करने की शुरूआत की है। बिजली के बिलों को जमा करने की प्रक्रिया को समझाने के लिए राशन विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया गया। जिला पूर्ति अधिकारी बीके शुक्ला ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन की दुकान पर ही अब बिजली का बिल जमा किया जा सकेगा। सभी को ई-पॉस मशीन के द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बताया गया कि ई-पॉस मशीन में ही बिजली का बिल जमा करने वाला सॉफ्टवेयर अपडेट करके आप खातेदार से बिजली का बिल जमा करा सकते हैं। इस मौके पर विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता ओपी मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुनील गुप्ता आदि मौजूद रहे।