नुमाइश बिजलीघर पर किया कर्मचारियों ने प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। ऊर्जा मंत्री अरविंद शर्मा के साथ हुए समझौतो को निगम की ओर से लागू नहीं करने पर विद्युत कर्मियों ने 16 मार्च की रात से 72 घंटे की हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। नुमाइश मैदान स्थित बिजली घर पर प्रदर्शन कर मांगों को लेकर ज्ञापन भी किया। हड़ताल की चेतावनी के बाद निगम के अधिकारी व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों में जुटे रहे।
विद्युत कर्मियों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर ऊर्जा मंत्री और विद्युत कर्मियों के बीच समझौता हो गया था। विद्युत निगम के अधिकारी समझौते को मानने को तैयार नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप की मांग की गई है। अपनी मांगों को लेकर विद्युत कर्मियों ने नुमाइश बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि 16 मार्च की रात से सभी विद्युत कर्मी 72 घंटे की हड़ताल पर जाएंगे।
विद्युत कर्मियों ने कहा कि आंदोलन का निर्णय मजबूरी के चलते लिया गया है। संयोजक मुकेश की ओर से एक ज्ञापन भी मुख्यमंत्री के नाम भेजा गया। इस अवसर पर इंजीनियर आईपी सिंह, अतुल यादव, जगरोशन, कमल सिंह, गुलजार अहमद, पवन शर्मा, अंकित सिंह, नितिन अरोडा, बीबी गुप्ता शामिल रहे।
बिजली चली जाए तो यहां दें सूचना
मुजफ्फरनगर। संयुक्त संघर्ष समिति के प्रस्तावित कार्य बहिष्कार की अवधि में उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। वैकल्पिक मानव संसाधन, वाहन की व्यव्स्था, मजिस्ट्रेट की तैनाती और पुलिस का प्रबंधन किया गया है। किसी भी प्रकार की अपूर्ति संबंधी समस्या के लिए उपभोक्ता विद्युत हेल्पलाइन 1912, निगम के टोल फ्री नंबर 1800-180-3002 पर संपर्क कर सकते हैं।