देवबंद। लबकरी गांव में सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को कार ने टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, लेकिन नाजुक हालत के चलते उसे हायर केयर सेंटर रेफर कर दिया गया।
लबकरी गांव निवासी मीरआलम (52) बुधवार की रात्रि किसी काम से घर से बाहर आया था। वह सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान भायला की ओर से आई तेज गति कार ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने मीरआलम को घायलावस्था में सड़क पर पड़े देखे तो उन्होंने उसके परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां लेकर गए, लेकिन चिकित्सक ने नाजुक हालत के चलते उसे हायर केयर सेंटर रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर मारने के बाद चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। बताया कि कार चालक गलत दिशा से आ रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।