मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र के खुब्बापुर थप्पड़ कांड की सुनवाई के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग ने अपनी प्रगति रिपोर्ट दाखिल की। सुप्रीम कोर्ट ने याची से आपत्ति के विषय में पूछा। अगली सुनवाई के लिए 20 सितंबर नियत कर दी गई है।
शाहपुर ब्लॉक के गांव खुब्बापुर स्थित नेहा पब्लिक स्कूल में शिक्षिका तृप्ता त्यागी ने अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र की पहाड़ा नही सुनाने पर उसके सहपाठियों से थप्पड़ लगवाए थे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पोते तुषार गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी शाहपुर संजय भारती बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सुनवाई के लिए पहुंचे। उन्होंने बताया कि विभाग ने रिपोर्ट में बताया कि सईद मुर्तजा ट्रस्ट की ओर से 28 हजार रुपये शुल्क दिया है, जिसे स्कूल में जमा करा दिया गया है। इसके बाद अदालत ने स्टेटस रिपोर्ट पर याची से पूछा कि कोई आपत्ति तो नहीं है। बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि अगली सुनवाई 20 सितंबर को होगी।