शहर कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में नशे की दवाई बेचने के आरोपी। संवाद
- 1920 नशीले कैप्शूल, 900 इंजेक्शन व 23.69 लाख रुपये बरामद
- तीन मेडिकल एजेंसी संचालक सहित पांच आरोपी पुलिस ने किए गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने मेडिकल एजेंसियों की आढ़ में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का अवैध कारोबार करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी दो गाड़ियों को कब्जे में लेकर उनमें रखे 1920 नशीले कैप्शूल, 900 इंजेक्शन व 23 लाख 69800 रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी बरामद गाड़ियों में नशे का कारोबार करते थे। गिरफ्तार आरोपियों में मेडिकल एजेंसी चलाने वाले तीन आरोपी भी शामिल हैं।
एसएसपी ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि शहर कोतवाली पुलिस ने सहायक पुलिस अधीक्षक व्योम बिंदल व विनायक भोसले केे नेतृत्व में कार्रवाई कर रुड़की रोड पीर के पास से दो गाड़ियों में सवार पांच आरोपियों अंबा विहार निवासी शाजेब, भोकरहेड़ी भोपा निवासी मोहम्मद फैज, गांधी काॅलोनी मुजफ्फरनगर निवासी निखिल, रामलीला टीला निवासी अनुज व शांतिनगर निवासी धीरज गर्ग को गिरफ्तार किया। आरोपियों व उनकी गाड़ियों से 1920 नशीले कैप्शूल, 900 इंजेक्शन व 23 लाख 69800 रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों के दो साथियों अक्षय व अंकित शर्मा की पुलिस को तलाश है।
यह गैंग यूपी के अलावा हरियाणा व उत्तराखंड राज्य में भी प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की सप्लाई करता है। गिरफ्तार तीन आरोपी मेडिकल एजेंसी चलाते हैं। अपनी एजेंसी की आढ़ में वह अपने साथियों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर यह नशे का कारोबार चला रहे थे। गिरफ्तार आरोपी निखिल, धीरज गर्ग की अपनी व शाजेब के भाई की मेडिकल एजेंसी है। तीनों वहां बैठ कर कारोबार करते थे। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया है।