- यातायात नियमों का उल्लंघन कर चलना भी बन रहा हादसों का कारण
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन कर रांग साइड वाहन चलाना भी हादसों को बढ़ावा दे रहा है। मंसूरपुर, खतौली, छपार क्षेत्र में कई स्थान ऐसे है जहां पर चालक अपने वाहन को रांग साइड ले जाकर अपनी मंजिल के लिए पहुंचता है। यह सब देखकर भी जिम्मेदार मौन हैं।
जिले के भंगेला गांव से पुरकाजी क्षेत्र की भूराहेड़ी चेक पोस्ट 55 किलोमीटर के हाईवे पर दर्जनों अवैध कट हैं। यहां हादसा होना आम बात हो चली है। चाहे यातायात पुलिस अधिकारी हो या फिर एनएचएआई के अफसर, कोई भी हादसों की तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। परिणाम स्वरूप हादसे बढ़ रहे हैं। अवैध कट के साथ रांग साइड वाहन चलाने से भी हादसे हो रहे हैं।
बढ़ी हैं दुर्घटनाएं
छपार। हाईवे पर रांग साइड कटों के बनने से भी दुर्घटनाएं बढ़ रही है। एनएच 58 पर रामपुर से बरला तक एक दर्जन कट बने हुए हैं, इनमें रामपुर, छपार पेट्रोल पंप के सामने, छपार में ही मस्जिद के सामने गलत कट बने हैं। एक कट बरला में एक मशहूर ढाबे के सामने है, जिन पर आए दिन लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। बरला में किसी वाहन को दूसरी साइड से आना है तो वह ढाबे के सामने से रांग साइड चलता है। छपार में मस्जिद के सामने छपरा जाने वाले वाहन भी रांग साइड चलते हैं। यहां दर्जन भर लोगों की मौत हो चुकी है।
फैक्टरी से आते हैं वाहन
मंसूरपुर के गांव जड़ौदा में विपरीत दिशा में चलते हुए वाहन अक्सर फैक्टरी से निकल कर रांग दिशा में ही चलते हैं। यहां हादसे को लेकर वाहन चालक व पुलिस दोनों ही लापरवाह बने हैं। खतौली के भैंसी गांव में कट के पास से होकर चालक कार को लेकर दूसरी तरफ जाते है। यह कोई एक दिन की बात नहीं बल्कि ऐसा रोजाना देखने को मिलता है। पुलिस देख कर भी मूकदर्शक बनी हुई है।