- मेरठ के लिए खास
- दौराला, खतौली पुलिस ने नहीं की कार्रवाई, रतनपुरी में दर्ज हुआ मुकदमा
- कार्रवाई के लिए घंटों तक थानों के चक्कर लगाता रहा पीड़ित का परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। हाईवे पर कार सवार चिकित्सक पर हुए जानलेवा हमले के मामले को पुलिस ने सीमा विवाद में उलझा दिया। मामला लेनदेन का बताते हुए घायल के परिजनों को पुलिस इधर से उधर भेजती रही। दौराला और खतौली पुलिस के कार्रवाई न करने पर अब इस मामले में रतनपुरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
थाना दौराला के गांव चिरोड़ी निवासी डॉ. विवेक चौधरी मुजफ्फरनगर में तैनात हैं। फिलहाल वह परिवार सहित एटूजेड कॉलोनी पल्लवपुरम मोदीपुरम में रहते हैं। पिछले रविवार को डॉ. विवेक चौधरी मुजफ्फरनगर से अपनी ड्यूटी समाप्त कर कार से मोदीपुरम लौट रहे थे। जब वह रतनपुरी क्षेत्र में हाईवे पर पहुंचे तो कुछ युवकों ने उसकी कार को रुकवाकर उन पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में डॉ. विवेक घायल हो गए थे। वह किसी तरह आरोपियों से बचकर कार को दौड़ाकर दौराला टोल पर पहुंचे। वहां घटना की सूचना दौराला पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
दौराला पुलिस ने जांच की तो मामला लेनदेन का निकला। पुलिस ने मामले को खतौली थाना क्षेत्र का बताया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने खतौली थाने पर तहरीर दी, लेकिन वहां से उन्हें घटनास्थल रतनपुरी थाना क्षेत्र का बताते हुए रतनपुरी थाने भेज दिया गया। घायल चिकित्सक की मां विमलेश चौधरी पत्नी राजवीर सिंह ने हर्ष पुत्र कंवर वीर सिंह निवासी दौराला हाल निवासी फेज वन पल्लवपुरम तथा उसके तीन अन्य अज्ञात साथियों के विरुद्ध जानलेवा हमले की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हर्ष और तीन अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।