होली पर पानी व्यर्थ न करें, केवल गुलाल लगाएं
मंसूरपुर। भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने भाजपा कार्यालय पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से होली पर्व को आपसी सौहार्द के साथ मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि होली पर्व पर पानी व्यर्थ न करें, केवल गुलाल का प्रयोग करें। इसके बाद उन्होंने आम लोगों की जनसमस्याएं सुनीं। जैन नई बस्ती के लोगों ने बताया कि यहां पर पानीनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण थोड़ी बारिश होते ही पानी गलियों में भर जाता है। कुछ लोगों ने विधायक को बताया कि मिल मंसूरपुर में नौ साल पहले पानी की टंकी का निर्माण हो गया था, लेकिन आज तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे इन दोनों समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखकर जल्द ही समस्याओं का निस्तारण कराएंगे। इस अवसर पर भाजपा नेता नंदकिशोर पांचाल, सतीश भगत, ओमपाल बाजीवान, जितेंदर कुमार, आनंद कुमार, मयंक कुमार, डॉक्टर श्रीमंदर, रेखा राठी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।