जेल में बंद टॉप टेन अपराधियों की ली जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी और एसएसपी संजीव सुमन ने मंगलवार को जिला जेल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विशेष तौर पर बंदियों को दी जाने वाली सुविधाओं और जेल में बंद टाॅप टेन अपराधियों से मुलाकात करने आने वाले लोगों के बारे में जानकारी ली।
दोनों अधिकारियों ने सबसे पहले पुरुष व महिला बैरक, रसोई घर का निरीक्षण किया। जेल के मुलाकाती रजिस्टर को देखा। बंदियों को जेल में मिलने वाली सुविधाओं, अस्पताल की ओपीडी को देखा। मरीजों के इलाज में लापरवाही न बरतने को कहा। जैमर और सीसीटीवी भी देखें।
डीएम ने निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप जेल में बंदियों को सुविधाएं दी जाएं। शातिर बंदियों की निगरानी कराएं। जेल में प्रतिबंधित सामग्री ना जाने पाएं। एसएसपी ने जेल में तैनात पुलिस बल को सतर्क रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए। कहा कि मुलाकात करने पहुंचे पुरुष व महिलाओं की अच्छी प्रकार तलाशी लें। आपत्तिजनक वस्तु लाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएं।