महिला को तलाक देकर घर से निकाला
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी फरवरी 2013 को मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र निवासी युवक से हुई थी। महिला का कहना है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये व कार की मांग को लेकर ससुराल में उसका उत्पीड़न किया जा रहा था। 16 अगस्त 2019 को महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया, जिस पर पीड़िता ने महिला थाने में तहरीर दी थी। इसकी जानकारी मिलने पर 25 अगस्त को ससुराल पक्ष माफी मांगकर महिला को फिर से घर ले गया। आरोप है कि वहां एक सप्ताह बाद जेठ ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने शौहर को इसकी जानकारी दी तो उसने मारपीट कर महिला को तीन तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता के अनुसार उसने शहर कोतवाली में घटना की तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग अब उसे लगातार फोन कर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़िता ने डीएम से आरोपी ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।