- एसडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट बनाएगए जोन प्रभारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 16 फरवरी से शुरू हो रही है। परीक्षा के लिए जिले को पांच जोन में बांटा गया है। इसको लेकर डीएम ने सभी मजिस्ट्रेट को दिशा निर्देश दिए है। उन्होंने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा कराए जाने के निर्देश दिए है।
डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी ने बोर्ड परीक्षा के लिए नियुक्त किए गए मजिस्ट्रेट को बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। जिले की चार तहसीलों के प्रत्येक एसडीएम अपनी-अपनी तहसील के जोनल मजिस्ट्रेट होंगे। नगर मजिस्ट्रेट को नगर क्षेत्र के जोनल मजिस्ट्रेट होंगे। डीएम ने बताया कि सभी जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने जोन में नकल विहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक परीक्षा कराए जाने के लिए विशेष सतर्कता बरतेंगे। डीएम ने मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वह अपने जोन क्षेत्र के अंतर्गत समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और थानाध्यक्षों आदि के साथ एक बैठक अपने स्तर पर करें। इसके अलावा परीक्षा के दौरान उनसे दैनिक रिपोर्ट प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे।
इतने छात्र-छात्राएं देंगे परीक्षा
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल के 32 हजार 412 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इनमें 383 छात्र-छात्राएं व्यक्तिगत के शामिल है। जबकि इंटरमीडिएट के कुल 28 हजार 880 विद्यार्थी ने बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया। इनमें दो हजार 397 छात्र-छात्राएं व्यक्तिगत के शामिल है।