मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की भरतिया कालोनी में मकान विवाद प्रकरण में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विद्युत निगम के चीफ इंजीनियर का घेराव किया। सभी ने विवादित मकान पर विद्युत मीटर लगाने पर नाराजगी जताई। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता, एसडीओ व जेई को निलंबित करने की मांग की। बुधवार शाम तक कार्रवाई न होने पर प्रदर्शन व घेराव की चेतावनी दी।
हिंदू संघर्ष समिति से जुड़े सभी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता व भरतिया कालोनी निवासी लोग दोपहर के समय विद्युत निगम के चीफ इंजीनियर पवन अग्रवाल के कार्यालय पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने भरतिया कालोनी में विवादित मकान के बारे में जानकारी दी। यह भी बताया कि इस मकान में काफी समय से विद्युत चोरी की जा रही थी।
मकान को लेकर विवाद हुआ और मकान में रहने वाले लोग मकान पर ताला लगाकर चले गए। तब विद्युत निगम के एक लाइनमैन ने मकान पर मीटर लगा दिया। जबकि मीटर से मकान के अंदर सप्लाई नहीं दी गई। यह सब मिलीभगत से किया गया है। बड़े मकान पर मात्र दो किलो वाट का कनेक्शन दिया गया है जो गलत है। आरोप लगाया कि इसमें जेई, एसडीओ व अधिशासी अभियंता की मिलीभगत रही है इसलिए तीनों को निलंबित किया जाए। यदि बुधवार शाम तक मांग पूरी नहीं की गई तो बृहस्पतिवार को चीफ इंजीनियर के कार्यालय का घेराव व प्रदर्शन किया जाएगा। चीफ इंजीनियर ने कहा कि मकान में जुलाई माह में कनेक्शन मंजूर हुआ था। उन्होंने मामले की जांच करा कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। घेराव करने में नरेंद्र पंवार, मनोज पाटिल, संजय मिश्रा, पवन मित्तल, अरुण प्रताप, संजय वाल्मीकी, बाबू शर्मा, मुकेश त्यागी, आदि सैकड़ों लोग शामिल रहे।