मुजफ्फरनगर। भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने आरोप लगाया कि जिले में थानेदारों की तैनाती में जाति के नाम पर भेदभाव किया जा रहा है। प्रजापति ने कहा कि जिले में अति पिछड़ा वर्ग का एक भी थानेदार नहीं है। योग्य इंस्पेक्टर होने के बाद भी प्रजापति, पाल, सैनी, कश्यप, विश्कर्मा, नाई आदि जातियों के थानेदार नहीं बनाए जाते हैं। इन जातियों के जिले में दर्जनों सब इंस्पेक्टर हैं, लेकिन उन्हें मौका नहीं दिया जाता। तीन जाति के सब इंस्पेक्टरों को छोड़कर किसी को भी तवज्जो नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग अति पिछड़ा वर्ग के लोगों पर गांव देहातों में अत्याचार व शोषण करते हैं, उन्हीं की जाति के लोगों को उसी क्षेत्र का थाना प्रभारी बनाया जाता है, जिससे गांव के दबंगों का हौसला बढ़ जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रदेश में थानों में हर समाज को प्रतिनिधित्व दिया जाए।