- लूट रकम में से 22 हजार रुपये और तमंचा बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
चरथावल। पुलिस ने दो दिन पहले हुई फाइनेंस कर्मियों से 1.22 लाख रुपये की लूट का खुलासा किया है। पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लूटी रकम सें 22 हजार रुपये और तमंचा बरामद किया है।
सीओ सदर यतेंद्र सिंह नागर ने बताया कि मंगलवार को दूधली मार्ग स्थित रजबहे पर बाइक सवार तीन युवकों ने फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले हैबतपुर निवासी जगदीश और पावटी निवासी संदीप से 1.22 लाख रुपये लूट लिए थे। थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने इस मामले में दूधली निवासी कमल ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से 22 हजार रुपये नकद और तमंचा कारतूस बरामद हुए है। घटना में शामिल उसके साथी बिरालसी निवासी अक्षय उर्फ बलवंत और बिट्टू उर्फ प्रवीण के अलावा दूधली निवासी रवि के नाम प्रकाश में आए है। तीनों फरार है। पुलिस जल्द तीनों को गिरफ्तार कर लेगी। सीओ ने बताया कि पकडे़ गए आरोपी कमल ने घटना की रेकी की थी। उसे तय की गई रकम 25 हजार में से 22 हजार रुपये दिए गए थे।
नौ फरवरी को बिट्टू के क्रशर पर रची थी साजिश
फाइनेंस कर्मियों का हर महीने की 14 तारीख को दूधली से रकम कलेक्शन निधार्रित था। यह जानकारी गांव के कमल ठाकुर को थी। उसने यह बात अन्य आरोपियों को बताई। नौ फरवरी को चारों आरोपियों की दूधली-बिरालसी मार्ग पर फरार आरोपी बिट्टू के क्रशर लूट की साजिश रची। वारदात वाले दिन दूधली समाधि के पास बिरालसी निवासी अक्षय और बिट्टू खड़े हो गए। फाइनेंस कर्मी गांव से चले तो उनके पीछे रवि भी बाइक से चल दिया। गुनियाजुड्डी से पहले रजबहे के पास पहुंचने पर योजनाबद्घ तरीके से आरोपी नकदी लूटकर फरार हो गए थे।
दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे ने खोला राज
चरथावल। दूधली गांव में एक दुकान पर सीसीटीवी लगा है। पुलिस पड़ताल में कैमरों में घटना के वक्त बाइक से पहले फाइनेंस कर्मी निकलते नजर आए। आरोपी रवि बाइक लेकर उनके पीछे निकला। यही से पुलिस ने रवि के साथी कमल को दबोच लिया। पुलिस का कहना है बिरालसी का अक्षय और बिट्टू शातिर किस्म के है और घटना करते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करते है।