रामलीला टिल्ला में टंकी से आ रहा पानी
- रामलीला टिल्ला, न्याजुपुरा क्षेत्र में हो रही दूषित पेयजल की आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नगर की रामलीला टील्ला व न्याजूपुरा सहित कई क्षेत्रों में घरों में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा हैं। इससे लोगों को बीमारी होने का खतरा भी सताने लगा हैं।
गांधी कॉलोनी और नई मंडी क्षेत्र के बाद अब रामलीला टिल्ला इलाके में भी घरों में गंदे और केमिकल युक्त पानी आ रहा है। रामलीला टिल्ला क्षेत्र के रोहित कुमार का कहना है कि सुबह के समय रोजाना पानी की सप्लाई में दूषित पानी आ रहा है। बाल्टी में नीचे गंदगी बैठ जाती है। इसके अलावा पीने में भी पानी का स्वाद बहुत ही गंदा हैं। इस पानी से बदबू भी आती है। कई बार तो टंकी से काला पानी आता है। इसके अलावा पानी को पीने से भी डर लगता है। मोहल्ले में रहने वाली महिलाओं ने बताया कि इस पानी की वजह से बीमारी होने का भी खतरा बना रहता हैं।
हो सकती है कई बीमारियां
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि इस तरह के पानी से ही कई बीमारियां हो जाती है। सबसे पहले पेट में गड़बड़ी होती है। पेट दर्द, उल्टी, दस्त आदि दिक्कतें होने लगती है। इसके बाद केमिकल युक्त और गंदे पानी से गंभीर बीमारी भी हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि जिन घरों में आरओ नहीं है। वह लोग पानी भरने के बाद उसे थोड़ी देर छोड़ दें। जब उसकी गंदगी नीचे बैठ जाए तो ऊपर का पानी लेकर उसे अच्छे से उबाल लें। जिसके बाद उसे कपड़े से छानकर पीना चाहिए। इससे पानी में कई तरह के बैकटिरिया और किटाणु मर जाते हैं, जिससे अधिकांश बीमारियों से छुटकारा पाया जा सकता है।
-गंदा पानी आने की जानकारी नहीं थी। अगर ऐसा हैं तो मौके पर टीम भेजकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। कई बार लिकेज के कारण इस तरह की समस्या हो जाती हैं। जो भी दिक्कत होगी उसे दूर कराया जाएगा। सुनील कुमार, जलकल अभियंता, नगर पालिका