शिव चौक से प्रारंभ होकर गणपति धाम पहुंचीं यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। श्री गणपति खाटू श्याम फाल्गुन महोत्सव में बाबा श्याम की निशान यात्रा में भव्य झांकियों ने भक्तों को आकर्षित किया। चंदन और केसर की होली खेलते हुए भक्त बाबा के प्रेम रस में सराबोर हुए।
शिव चौक से निशान हाथ में उठाए श्रद्धालु यात्रा में खाटू श्याम के जयघोष के साथ शामिल हुए। यात्रा शिव चौक से बालाजी चौक, नई मंडी, पैठ बाजार, बिंदल बाजार से चेंबर स्कूल की ओर बढ़ी। कई स्थानों पर भक्तों का फूल और गुलाल उड़ाकर स्वागत किया गया। भरतिया कॉलोनी स्थित श्री गणपति खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं ने निशान बाबा के चरणों में अर्पित करते मन्नत मांगी।
निशान यात्रा में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल और भाजपा नेता गौरव स्वरूप रहे। मंदिर संस्थापक भीम कंसल ने बताया कि मंदिर परिसर में आयोजित जागरण में बृजरस अनुरागी साध्वी पूर्णिमा उर्फ पूनम दीदी, भजन गायक नरेंद्र कौशिक ने बाबा श्याम के प्रेम रस का बखान किया।
चार मार्च को बधाई उत्सव के आयोजन के साथ इस चार दिवसीय फाल्गुन महोत्सव का समापन किया जाएगा। मंदिर परिवार के प्रधान अशोक गर्ग, अनिल गोयल, चाचा जेपी गोयल, कैलाश चंद ज्ञानी, सोमप्रकाश, अमरीश सिंघल, विजेंद्र सिंह रानो, विकास अग्रवाल, रजत राठी, नीरज गोयल, शशांक राणा आदि मौजूद रहे।