मां शैलपुत्री की पूजा को मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
देवबंद। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि विधान के साथ पूजा की।
नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं ने व्रत रखा। सुबह से ही लोगों ने अपने घरों में स्थापित की गई मां दुर्गा की मूर्तियों की पूजा अर्चना की। वहीं, बाजार में भी व्रत की सामग्री खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ रही। श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा ने बताया कि सोशल डिस्टेंसिंग के तहत भक्तों ने मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री देवी की आराधना की। उन्होंने बताया कि मां शैलपुत्री भक्तों का दुख: हरने वाली हैं। इनकी पूजा करने से परिवार में सुख समृद्धि बनी रहती है। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। वहीं, प्रशासन ने नवरात्र को देखते हुए मंदिरों के बाहर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है।