- स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार लोगों को जागरूक कर रही
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले में डेंगू मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। रोजाना एक या दो मरीज डेंगू पॉजीटिव आ रहे हैं। ऐसे में डेंगू मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार लोगों को जागरूक कर रही है।
जिले के बुढ़ाना और मोरना क्षेत्र में एक-एक डेंगू का मरीज मिला है। खून की जांच में दोनों मरीज डेंगू पॉजीटिव आए हैं। सितंबर माह के पहले दिन ही दो डेंगू के मरीजों ने दस्तक दी है। अब जिले में डेंगू मरीजों की कुल संख्या 15 पर पहुंच गई है। वहीं, जिला चिकित्सालय में डेंगू के पांच मरीज भर्ती हैं। जिनका उपचार जारी है। जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि मलेरिया विभाग की नगरीय टीम ने मोहल्ला जनकपुरी में बुखार की सूचना पर 30 फुटा रोड के आसपास घरों में सोर्स रिडक्शन का कार्य किया। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही डेंगू की पुष्टि की जाएगी। उन्होंने कहा कि लगातार टीम द्वारा जगह-जगह जाकर सर्वे और जागरूकता अभियान चला रही हैं।
रोगों के बचाव को लेकर दिया प्रशिक्षण
पुरकाजी और बघरा ब्लॉक में स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया टीम की ओर से राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आशा कार्यकर्ताओं को मलेरिया की जांच व अन्य वेक्टर जनित रोगों के प्रसार को नियंत्रित करने और बचाव संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। बताया कि ग्राम स्तर पर वेक्टर जनित रोगों के रोकथाम में आशा बहनों की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। समय-समय पर शासन के निर्देशानुसार आशा कार्यकर्ताओं को इसका प्रशिक्षण दिया जाता है।