भोपा। अथाई गांव में बनाई जा रही सड़क का विरोध कर रहे दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। विरोध स्वरूप ग्रामीणों ने थाने पर प्रदर्शन किया तो दोनों लोगों को पुलिस ने छोड़ दिया।
थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव अथाई में सड़क का निर्माण किया जा रहा है। एक बस्ती के सैकड़ों लोगों का आरोप है कि उनकी बस्ती के निकट सड़क की गहराई अधिक की जा रही है जिससे उनकी बस्ती व पास के खेतों में तालाब का पानी घुसेगा। बस्तीवासी व अनेकों किसानों को भारी समस्या का सामना करना पड़ेगा। इसी को लेकर सोमवार को ग्रामीण सड़क निर्माण का विरोध करने लगे लगे तो पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। शाम को सैकड़ों ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्राली में थाने पहुंच कर प्रदर्शन किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा ने ग्रामीणों को समझा बूझकर शांत किया और दोनों लोगों को छोड़ दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह संबंधित अधिकारियों से बात कर आगे कार्रवाई करेंगे। शांति व्यवस्था खराब करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।