संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। गन्ने के भुगतान सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू कार्यकर्ता और किसान भैसाना मिल के मुख्य गेट पर धरने पर बैठै है। बारिश में भी भाकियू कार्यकर्ता धरनास्थल पर जमे रहे। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से गन्ने के भुगतान सहित बाढ़ पीड़ित किसानों के लिए जल्दी मुआवजा दिलवाने की मांग की।
ब्लॉक अध्यक्ष संजीव पंवार ने कहा कि गन्ने के बकाया भुगतान के साथ अब बाढ़ पीड़ित किसानों के लिए मुआवजे की मांग भी की जा रही है। किसान आर्थिक संकट में है। बाढ़ में फसलें बर्बाद हो गईं हैं। धरनास्थल पर किसानों ने सरकार व प्रशासन से किसानों को तत्काल गन्ने का भुगतान करवाने तथा बाढ़ पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलवाने की मांग की।
भाकियू पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होगी, उनका धरना जारी रहेगा। इस मौके पर पूर्व प्रधान विकास त्यागी, धीरसिंह, कृष्णपाल, चरण सिंह, तैमूर, फेरू सिंह, राजबीर, अनिल सैनी व प्रवीण मौजूद रहे।