अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान और पुरकाजी सुरक्षित सीट से रालोद विधायक अनिल कुमार ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। गन्ना भुगतान, पश्चिमी यूपी में बारिश से हुए नुकसान, पुरकाजी को तहसील का दर्जा दिए जाने और खादर क्षेत्र के किसानों की समस्या को रखा।
रालोद विधायक अनिल कुमार ने बताया कि गन्ना भुगतान को लेकर चर्चा की गई है। वेस्ट यूपी में हुई भारी वर्षा के कारण खादर क्षेत्र में अत्यधिक पानी भरा हुआ है। किसानों को खराब हुई फसल का मुआवजा दिया जाना चाहिए। पुरकाजी के खादर क्षेत्र में तटबंध बनाने, पुरकाजी को तहसील बनाने, पुरकाजी कस्बा में रोडवेज डिपो बनाने की मांग रखी।
विधायक राजपाल बालियान और प्रेस प्रवक्ता अनिल दुबे ने मुख्य रूप से गन्ने का बकाया भुगतान को लेकर चर्चा की। बालियान ने कहा कि भारी वर्षा के कारण जान माल व फसलों का नुकसान हुआ है, उसके मुआवजा किसानों को दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने जल्द भुगतान व फसलों के नुकसान की भारपाई का आश्वासन दिया।