गांव समौली का रहने वाला था ठेकेदार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। गांव समौली निवासी ठेकेदार युवक का शव रतनपुरी थाना क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे पर खेत में पेड़ से लटका मिला। ठेकेदार दो दिन से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच कर रही है।
गांव समौली निवासी मैनपाल (45) पुत्र प्रेम सिंह ईंट भट्ठे पर ठेकेदारी करता था। परिजनों के पुलिस को बताया कि मंगलवार को मैनपाल भट्ठे पर जाने के लिए कहकर घर से निकला था। दो दिन बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं लौटा। उसके पुत्र विक्की ने बृहस्पतिवार शाम थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। शुक्रवार सुबह खेत पर काम करने गए मजदूरों ने समौली निवासी सनंदन के खेत पर पेड़ से लटका शव देखकर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी मिथुन दीक्षित पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान मैनपाल के रूप में हुई। उसने अपने ही गमछे से फंदा बनाकर फांसी लगाई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी मिथुन दीक्षित ने बताया कि मामला आत्महत्या का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक मैनपाल के परिवार में पत्नी ऊषा तथा तीन पुत्र व दो पुत्रियां हैं। दोनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।