भोपा पुल के नीचे मिला अधेड़ का शव
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शहर के भोपा रोड स्थित पुल के नीचे रविवार शाम अधेड़ उम्र का व्यक्ति अचेेतावस्था में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधेड़ को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि शव के पास से मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान भोपा क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा निवासी बिजेंद्र (58) के रूप में हुई। इसके बाद उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।