- दोनों की हत्या कर शव नहर में फेंकने की आशंका
- नहीं हो सकी शनाख्त, दोनों शव पोस्टमार्टम को भेजे
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पीनना के जंगल में रजबहे में एक महिला और पुरुष का शव बहता हुआ मिला। काफी प्रयासों के बावजूद शवों की शनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे है।
शाम के समय कुछ ग्रामीण शहर कोतवाली के गांव पीनना के जंगल से होते हुए रजबहे की पटरी के पास से जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें छपार की तरह से आ रहे रजबहे में दो शव पानी में बहते दिखाई दिए। शहर कोतवाली के शामली बस अड्डे चौकी प्रभारी ललित शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह दोनों शव रजबहे से बाहर निकलवाए। ग्रामीणों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई।
उधर, चौकी प्रभारी ललित शर्मा ने बताया कि एक शव पुरुष, दूसरा महिला का था। दोनों शव पूूरी तरह सड़ गल चुके थे। दोनों शव पानी में लगभग एक या डेढ़ माह पहले से पड़े हुए हो। इन हालातों में शवों की शनाख्त नहीं हो सकी। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। शहर कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्र ने बताया कि काफी प्रयासों के बावजूद शवों की शनाख्त नहीं हो सकी है। पीनना के चौकीदार रजनीकांत की सूचना पर रिपोर्ट दर्ज की गई हैं।