पुरकाजी कस्बे में 26 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मामला प्रेम प्रसंग का होने के शक पर पुलिस ने मोहल्ले के ही एक व्यक्ति और उसकी पुत्री को हिरासत में लिया है।
घटना सोमवार सवेरे करीब सात बजे की है।
मोहल्ला मुस्लिम कानूनगोयान में गोली चलने की आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। गली में मोहल्ले का ही मुंशाद पुत्र इकबाल लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था, उसके पास एक तमंचा भी पड़ा हुआ था। परिजन युवक को लेकर अस्पताल में पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक के भाई शहजाद की तहरीर पर अज्ञात में हत्या का मुकदमा कायम कर लिया। मामला प्रेम प्रसंग का होने शक में मोहल्ले के ही एक व्यक्ति और उसकी पुत्री को हिरासत में ले लिया है। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सदर शिवराज सिंह भी थाने पहुंच गए और मोहल्ले में जाकर मृतक के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी की। उधर, दोपहर करीब चार बजे मुंशाद के परिजन दर्जनों लोगों के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने तहरीर देकर हिरासत में लिए गए व्यक्ति पर ही मुंशाद को घर से बुलाकर ले जाने और हत्या कर देने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।