शामली। कंडेला औद्योगिक क्षेत्र स्थित माचिस बनाने की फैक्ट्री पर मजदूरों ने हंगामा कर दिया। मजदूरों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर कई आरोप लगाए। वहीं, फैक्ट्री प्रबंधन का कहना है कि मजदूर मनमानी कर रहे हैं।
कंडेला औद्योगिक क्षेत्र में माचिस बनाने की अमर स्पलिंट प्राइवेट लिमिटेड में आसपास के कई गांवों के लोग मजदूरी करते हैं। मजदूर भगत सिंह, अंकित, कप्तान, राहुल, योगेंद्र, सोनू, विक्रम, विजय, दीपक, अक्षय, नीटू और सचिन ने बताया कि रक्षाबंधन वाले दिन फैक्टरी प्रबंधन से कहा गया था कि आज तीन बजे घर भेज दिया जाए। उस दिन पांच बजे छोड़ा गया।
इसके बाद अगले दिन जब काम पर पहुंचे, तो फैक्टरी प्रबंधन ने अंदर नहीं घुसने दिया। इसी के चलते रविवार से वह लोग फैक्ट्री गेट के बाहर धरना देकर बैठे हैं। मजदूरों का कहना है कि 35-35 मजदूरों की डे-नाइट शिफ्ट में ड्यूटी लगती है।
उनसे 12 घंटे काम लिया जाता है। आरोप है कि राष्ट्रीय पर्वों पर भी मजदूरों को छुट्टी नहीं दी जाती, जिस कारण मजदूर परेशान हैं। उनका कहना है कि वह इस बारे में जिलाधिकारी तथा श्रम विभाग के अधिकारियों से शिकायत करेंगे।
उधर, फैक्ट्री के डायरेक्टर अनुज कुमार गर्ग का कहना है कि मजदूरों ने दो दिन पूर्व फैक्ट्री में हंगामा किया और गेट तक तोड़ने की धमकी दी। उन्होंने मजदूरों को समझाया कि काम करना है, तो आराम से करो। इस पर मजदूर मनमानी करना चाहते हैं।
रात में पुलिस ने मजदूरों को दौड़ाया
सोमवार रात करीब सात बजे फैक्ट्री प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां धरना देकर बैठे मजदूरों को पहले तो समझाकर घर जाने के लिए कहा, लेकिन जब वह नहीं माने तो पुलिस ने हड़काया।
मजदूरों ने विरोध किया, तो पुलिस ने लाठीचार्ज करने की चेतावनी तक दे डाली। इसके चलते कुछ देर बाद मजदूर अपने घरों को चले गए।