मोरना। ककरौली पुलिस ने शनिवार को कच्ची शराब के खिलाफ छापा मारकर भुआपुर के जंगल में चार आरोपियों को घेरकर दबोच लिया। मौके से ड्रम और शराब कब्जे में ली और भट्ठियों को नष्ट कर दिया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पंचायत चुनाव में कच्ची शराब की सप्लाई में ककरौली थाना क्षेत्र के कई गांवों को संवेदनशील माना गया है। आला अफसरों के आदेश पर ककरौली थाना पुलिस कच्ची शराब बनाने के धंधे पर अंकुश लगाने में जुटी हुई है।
शनिवार को मुखबिर की सूचना पर भुआपुर गांव के जंगल में छापा मारकर भट्ठियों पर कच्ची शराब बनाने में जुटे चार लोगों को घेराबंदी कर दबोच लिया। 90 लीटर कच्ची शराब के साथ ही तीन ड्रम कब्जे में ले लिए। आरोपियों को पकड़कर थाने लाया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुद के नाम कृष्णपाल, मोहित, श्रवण, शिवकुमार बताए हैं। थानाध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।