खतौली गंगनहर में गिरी स्कार्पियो। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
खतौली गंगनहर में स्कार्पियो में मिले सोनीपत के तीन युवकों की मौत पानी में डूबने से नहीं हुई थी। उनकी हत्या करके शवों को स्कार्पियो में रखकर गंगनहर में धकेल दिया गया था। पुलिस ने इस घटना में शामिल दो हत्यारोपी पकड़ लिए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश में भी दबिश दी जा रही है। घटना के पीछे गांव भैंसवाल में हुई हत्या की एक रंजिश का मामला सामने आ रहा है। पुलिस का कहना है कि सोमवार को पूरी घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
17 अप्रैल की सुबह पुलिस ने कांवड़ मार्ग पटरी पर गांव बुआड़ा कलां के पास गंगनहर में डूबी स्कार्पियो के अंदर से तीन शव मिले थे, जिनकी शनाख्त हरियाणा के जिला सोनीपत के थाना गोहाना क्षेत्र के गांव भैंसवाल कलां के रहने वाले प्रदीप, रवि और अक्षय के रूप में हुई थी। स्कार्पियो के अंदर ड्राइविंग सीट पर किसी का शव नहीं मिला था, लेकिन सीट के पास एक ड्राइविंग लाइसेंस मिला था। गाड़ी लॉक थी। गंगनहर पटरी की ईंटों की रेलिंग तो टूटी हुई थी, लेकिन कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त नहीं था।
इसके चलते घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे थे। खतौली थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम को भी जांच में लगाया गया था। इस दौरान पुलिस को पता चला कि गांव भैंसवाल में वर्ष 2017 में बिट्टू की हत्या हुई थी। इस हत्याकांड में मृतक प्रदीप व रवि जेल गए थे। तीन माह पूर्व ही प्रदीप व रवि जमानत पर छूट कर आए थे।
पुलिस की जांच में एक के बाद एक कड़ी जुड़ती चली गई और हत्यारोपियों तक पहुंच गई। इस मामले में करीब आठ लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही हैं, इनमें कुछ मुजफ्फरनगर के भी हो सकते हैं। इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा का कहना है कि सोनीपत के तीनों युवकों की हत्या की गई थी। हत्यारोपी पकड़ में आ गए हैं। सोमवार को इस तिहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।