मुजफ्फरनगर में सिविल लाइन पुलिस ने पुलिस कंट्रोल रूम की महिला कर्मचारियों से फोन पर छेड़छाड़ करने वाले तीन शोहदों को पकड़ लिया है। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी काफी समय से पुलिस कंट्रोल रूम पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों से छेड़छाड़ कर अश्लील बातें किया करते थे। पुलिस ने तीनों का चालान कर दिया है।
पुलिस ने मंसूरपुर के संधावली निवासी दो सगे भाइयों कलीम और मुर्सलीन पुत्रगण मुस्तकीम को उनके घर से और खतौली के बिहारीपुर निवासी अजय पुत्र रोबिन को मुजफ्फरनगर के रोडवेज बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी कंट्रोल रूम पर तैनात महिला पुलिसकर्मिंयों से फोन पर छेड़छाड़ और अश्लील बातें करते थे।
परेशान होकर कंट्रोल रूम प्रभारी ने 10 मई को अज्ञात फोन नंबरों के आधार पर सिविल लाइन थाने में छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस उसी दिन से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। कलीम और मुर्सलीन दोनों भाई अपनी आईडी के फोन से ही कंट्रोल रूम पर फोन करते थे,
जबकि अजय के पास गांव के ही एक मृत व्यक्ति का फोन था, जिससे वह अश्लील बातें करता था। तीनों के पास दो सिम और तीन मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। तीनों आरोपी मौजमस्ती के लिए महिलाओं से छेड़छाड़ करते थे। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का चालान कर दिया है।